विवादों में आए जोबनेर के कर्ण ​नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ बलराज सिंह को पद से हटा दिया गया है। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने वीसी को तत्काल प्रभाव से पद से निलंबित किए जाने के आदेश जारी किए हैं। वीसी डॉ बलराज सिंह के खिलाफ राज्यपाल को कई तरह की गड़बड़ियों और नियमों के लगातार उल्लंघन करके गलत फैसले करने की शिकायतें आई थीं। इन शिकायतों के बाद राज्यपाल ने एक्शन लिया है। राज्यपाल ने डॉ बलराज सिंह के खिलाफ मिली शिकायतों की जांच के लिए कमेटी बनाई है। यह कमेटी जल्द रिपोर्ट देगी। वीसी डॉ बलराज सिंह का कार्यकाल जल्द पूरा होने वाला था। कार्यकाल के आखिरी तीन महीने में किसी तरह नीतिगत फैसला नहीं कर सकते, लेकिन वीसी ने कई नीतिगत फैसले किए जो नियमों का साफ उल्लंघन था। बलराज सिंह पहले जोधपुर एग्रीकल्चर यूनिवसिर्टी के वीसी रह चुके हैं। इसके बाद कांग्रेस राज में उन्हें जोबनेर कृषि विश्वविद‌्यालय का वीसी नियुक्त किया गया था। वीसी ने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कर्मचारियों को बर्खास्त किया, गलत तबादले किए राजभवन से जारी बयान के मुताबिक वीसी के खिलाफ अलग अलग गंभीर शिकायतों को देखते हुए उन्हें निलंबित किया है। विश्वविद्यालय अधिनियम में दिए प्रावधानों के खिलाफ वीसी ने अपने क्षेत्राधिकार से बाहर जाकर कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त किया, गलत तरीके से तबादले किए। कर्मचारियों के तबादलों औ बर्खास्तगी के मामलों में नियमों की अनदेखी की गई और अधिकारों का दुरुपयोग किया।