जोधपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का भव्य महानगर शाखा संगम रविवार शाम को पोलो मैदान में आयोजित होगा। इस विशेष आयोजन में शहरभर की 200 शाखाओं से 5 हजार से अधिक स्वयंसेवक एक साथ भाग लेंगे, जिससे शहर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। महानगर कार्यवाह भरत जांगिड ने बताया कि इस संगम में महानगर की सभी शाखाएं एक ही स्थान और एक ही समय पर लगेंगी, जो संघ के संगठनात्मक सामर्थ्य और एकजुटता का प्रतीक होगा। इस आयोजन का उद्देश्य स्वयंसेवकों के बीच आपसी परिचय, समन्वय और आत्मीयता को बढ़ाना है। संगम में एक घंटे की दैनिक शाखा के स्वरूप में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसमें योग, व्यायाम, खेल, आज्ञा क्षमता, गीत सहित अन्य अभ्यास कराए जाएंगे, जिससे स्वयंसेवकों का शारीरिक और मानसिक विकास हो सके। महानगर के सह कार्यवाह अशोक कुमार ने बताया कि इस अवसर पर स्वयंसेवकों को संघ के अखिल भारतीय शारीरिक शिक्षण प्रमुख जगदीश प्रसाद का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कार्यकर्ताओं ने पोलो मैदान को स्वच्छ कर शाखाओं के अनुसार अलग-अलग ब्लॉक बनाकर लाइनिंग की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी स्तर पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।