जोधपुर में रविवार को पिकअप पलटने से घायल हुए 14 लोगों में से दो की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। सभी जोधपुर में विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। हादसे के बाद घायलों को बावड़ी लेकर गए थे, जिसके बाद इन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल रैफर कर दिया गया। हादसा नेशनल हाईवे-62 पर बावड़ी स्थित एचपी गैस सर्विस के पास हुआ था। पिकअप में 23 लोग सवार थे। अचानक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे के बाद काफिले में शामिल बाकी लोगों ने घायलों को संभाला था। इन दो की मौत हुई हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी को बावड़ी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। सभी को जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल रैफर किया गया। इलाज के दौरान सोमवार को भोपालगढ़ के तांबड़िया निवासी रमेश (30) पुत्र खीयाराम और सोपड़ा निवासी सुरेश (15) पुत्र गजाराम की मौत हो गई। ये लोग हुए घायल इस हादसे में भलाराम, शिवराम, दीनानाथ, नेनूराम, गोविंद, हरदेव, रामजीवन, भगवाना राम, लूणाराम, नरसिंग और सुरेश पुत्र खीयाराम घायल हो गए। इधर, हादसे की सूचना मिलने पर ग्रामीण एसपी पंकज यादव भी बावड़ी चौकी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं भोपालगढ़ सीओ भंवरलाल और खेड़ापा थानाधिकारी लखाराम जाखड़ भी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि पिकअप अनियंत्रित होने की वजह से पलटी थी।
