जोधपुर में रात 10:17 बजे जोरदार धमाके से दहशत फैल गई। लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन लोग कुछ समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है। किसी को भूकम्प का लगा, तो किसी को लगा कि कहीं कोई बड़ा विस्फोट हुआ है। बाद में पता चला कि ये फाइटर जेट के सोनिक बूम की आवाज है। यह आवाज सांगरिया, तनावड़ा सहित आसपास के तकरीबन एक दर्जन से ज्यादा गांवों में बुधवार रात सुनाई दी। पुलिस थाने और पुलिस कंट्रोल रूम में फोन कर रहे लोग धमाके की आवाज के बाद विवेक विहार, बासनी, बोरानाडा, कुड़ी भगतासनी थाने और पुलिस कंट्रोल रूम में लोग लगातार फोन करके जानकारी ले रहे हैं। लोग जानना चाह रहे थे कि आखिर इतनी तेज आवाज किस चीज की थी। पुलिस के साथ तमाम सुरक्षा व खुफिया एजेंसियां भी एक्टिव हो गईं। बाद में पता चला कि संभवतया एयरफोर्स के फाइटर जेट की आवाजाही से उत्पन्न सोनिक बूम की वजह से यह धमाके जैसी आवाज आई। विवेक विहार थानाधिकारी दिलीप खदाव ने बताया कि रात सवा दस बजे वे गश्त पर थे, इसी दौरान तेज आवाज सुनाई दी। बाद में अपने स्तर पर छानबीन करन पर पता चला कि सोनिक बूम की ही आवाज है। इन इलाकों में सुनाई दी तेज आवाज जोधपुर के सांगरिया, विवेक विहार, नंदवान, सालावास, धींगाणा, फिटकासनी, लूणी, गुढ़ा विश्नोइयां, तनावड़ा, कुड़ी भगतासनी, बोरानाडा और पाल गांव सहित आसपास के इलाकों में तेज आवाज सुनाई दी। संभावना: फाइटर जेट का सोनिक बूम पुलिस के अनुसार अब तक की छानबीन में यही पता चला कि यह कोई भूकंप या विस्फोट नहीं, बल्कि फाइटर प्लेन के सोनिक बूम की आवाज थी। जब कोई लड़ाकू विमान ध्वनि की गति से तेज उड़ान भरता है और साउंड बैरियर को तोड़ता है तो ऐसे जोरदार धमाके जैसी आवाज उत्पन्न होती है। हवा में ध्वनि की गति से तेज चलने पर आती है सोनिक बूम जैसी आवाज सोनिक बूम एक प्रकार की शॉक वेव है, यह तब उत्पन्न होती है जब कोई वस्तु हवा में ध्वनि की गति (लगभग 1 हजार 235 किलोमीटर प्रति घंटा) से तेज चलती है। फाइटर जेट जब सुपरसोनिक स्पीड में उड़ान भरते हैं तो वे हवा के अणुओं को इतनी तेजी से धकेलते हैं कि एक शक्तिशाली दबाव तरंग बनती है। यही दबाव तरंग जमीन तक पहुंचने पर धमाके जैसी आवाज करती हैं। 11 नवंबर की रात को भी सुनाई दी थी ऐसी ही धमाके की आवाज उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गत 11 नवंबर की रात 8 बजे के आसपास जोधपुर के मंडोर सहित आसपास के इलाकों में इसी तरह जोरदार धमाके की आवाज से दहशत फैल गई थी। लोग घरों से बाहर निकल आए, लेकिन लोग कुछ समझ नहीं पाए कि आखिर हुआ क्या है। बाद में पता चला कि ये फाइटर जेट के सोनिक बूम की आवाज थी।