जोधपुर कमिश्नरेट के वेस्ट जिले में अलग-अलग इलाकों से चार युवतियों के लापता होने के मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। इनमें से एक युवती मेहंदी लगवाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। तो दूसरी केस में परिजनों ने एक युवक पर नाबालिग को भगाने का आरोप लगाया है। इस संबंध में युवतियों के परिजनों ने अलग-अलग थानों में रिपोर्ट दर्ज कराई है। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच में जुट गई है। पहला मामला देवनगर थाना इलाके का है, जहां पिता ने थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी पुत्री घर से सोमवार को मेहंदी लगवाने की बात कह कर निकली थी। इसके बाद वापस नहीं लौटी। इसके बारे में आस पड़ोस और रिश्तेदारी में भी पता किया लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सहायक उप निरीक्षक पेमाराम को जांच सौंपी है। युवक पर लड़की भगाने का आरोप दूसरा मामला राजीव गांधी नगर थाने में सामने आया है। थाना इलाके में रहने वाली एक व्यक्ति ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय पुत्री रविवार को बिना बताए घर से कहीं चली गई। लड़की के पिता ने एक युवक पर लड़की को भगाकर ले जाने का शक जताया है। नानी के घर जाने के लिए निकली युवती नहीं लौटी वापस तीसरा मामला प्रताप नगर सदर थाने का है। थाना इलाके में रहने वाली एक महिला ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 18 वर्षीय पुत्री नानी के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी जो वापस नहीं लौटी। आस पड़ोस और रिश्तेदारी में पूछने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर देवाराम को सौंपी है। घर से बिना बताए निकली थी बेटी चौथा मामला विवेक विहार थाना इलाके का है। थाने इलाके में रहने वाले एक व्यक्ति ने रिपोर्ट देकर बताया कि उसकी 26 वर्षीय पुत्री सोमवार को घर से बिना बताए कहीं चली गई। जिसके बारे में पता करने पर कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड दौलाराम को सौंपी है।
