राजस्थान में शनिवार दोपहर बाद जैसलमेर-श्रीगंगानगर में बरसात हुई। इससे पहले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से शुक्रवार को जयपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। बारिश, ओलावृष्टि के साथ चली ठंडी हवा से कई शहरों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर गया। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य में अब रविवार से मौसम साफ रहने और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के साथ एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना जताई है। बदले मौसम के कारण अलवर सहित कई शहरों में आज सुबह धुंध रही। इस कारण विजिबिलिटी 30 मीटर से कम रही। नोखा में 1 इंच बारिश पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा बरसात बीकानेर के नोखा एरिया में 25MM (1 इंच) दर्ज हुई। बीकानेर में देर रात से लेकर शुक्रवार सुबह तक रूक-रूक कर कई इलाकों में बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। बारिश होने और बादल छाने से शुक्रवार को जयपुर में अधिकतम तापमान गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में शुक्रवार सुबह बारिश हुई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली। अजमेर में अधिकतम तापमान 26.6, भीलवाड़ा में 27.4, वनस्थली (टोंक) में 31.1, कोटा में 28.9, चित्तौड़गढ़ में 29.6, उदयपुर में 28, डूंगरपुर में 28.9, सिरोही में 24.5, करौली में 24.9 और दौसा में 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। अब आगे क्या? मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में कल से मौसम साफ होगा। दिन में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी। अगले दो-तीन दिन में तापमान में 4-5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज होगी।
