जैसलमेर नगर निकाय चुनाव में वार्ड 23 से कांग्रेस प्रत्याशी लखमो निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। भाजपा प्रत्याशी और पांच निर्दलीय प्रत्याशियों के नामांकन वापस लेने के बाद वार्ड में लखमो के सामने कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं बचा था। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसडीएम वीरेंद्र सिंह ने लखमो को निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र सौंपा और पार्षद पद की शपथ दिलाई। वार्ड 23 से कांग्रेस की लखमो निर्विरोध कांग्रेस ने वार्ड 23 से पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुमार खान की पत्नी लखमो को प्रत्याशी बनाया था, जबकि भाजपा ने जया दैया को मैदान में उतारा था। वार्ड से सुगना देवी, नसीबा बानो, मदीना, हकीमां और मुमताज बानों ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया था। नामांकन वापसी के दौरान भाजपा प्रत्याशी जया दैया और निर्दलीय प्रत्याशी नसीबा बानो ने बुधवार को ही अपना नामांकन वापस ले लिया। नामांकन वापसी के अंतिम दिन गुरुवार को चारों निर्दलीय प्रत्याशी सुगना देवी, मदीना, हकीमां और मुमताज बानों ने भी अपने पर्चे वापस ले लिए। सभी प्रतिद्वंद्वियों के नामांकन वापस लेने के बाद वार्ड 23 में कांग्रेस प्रत्याशी लखमो के सामने कोई प्रत्याशी नहीं बचा। इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की गई। एसडीएम वीरेंद्र सिंह ने लखमो को निर्वाचित होने का प्रमाण-पत्र सौंपा और उन्हें पार्षद पद की शपथ दिलाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- जनता का रुझान हमारे पक्ष में लखमो के निर्विरोध निर्वाचन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर ने कहा कि जैसलमेर की जनता का रुझान पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में है। कार्यकर्ता एकजुट हैं और जैसलमेर के साथ-साथ पोकरण में भी कांग्रेस अपना बोर्ड बनाएगी।