नौतपा के कदम रखते ही सीमांत जिले जैसलमेर में सूर्यदेव ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। नौतपा के तीसरे दिन, बुधवार को थार के रेगिस्तान में गर्मी का रौद्र रूप देखने को मिला। सुबह से ही आसमान से बरसती आग और सूर्य की सीधी किरणों के कारण पूरा जिला भट्टी की तरह तपने लगा है, जिससे जैसलमेर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम केंद्र ने जैसलमेर और इसके आस-पास के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए 27 और 28 मई को हीटवेव का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन दो दिनों के दौरान सीमांत जिले में दिन के समय अत्यधिक झुलसाने वाली अति उष्ण लहर चलने की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में और भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 28 मई के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ निजात मिल सकती है। झुलसाती हवाओं से जनजीवन थमा, सड़कों पर पसरा सन्नाटा बुधवार सुबह सूरज उगने के साथ ही शुरू हुआ गर्म हवाओं का दौर दोपहर में भी लगातार जारी रहा। थार के रेगिस्तान में चलने वाली इन झुलसाने वाली तेज हवाओं (लू) ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय स्थिति यह थी कि बाजारों और सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर गया और लोग अपने घरों में कैद रहने को मजबूर हो गए। दिन और रात के पारे में उछाल, गर्मी ने बढ़ाई बेचैनी मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बार दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में दिन और रात दोनों के पारे में 1-1 डिग्री सेल्सियस का उछाल आया है, जिसने रात की गर्मी और बेचैनी को भी बढ़ा दिया है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग की चेतावनी, दो दिन अति लू का प्रकोप मौसम केंद्र ने जैसलमेर और इसके आस-पास के सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए 27 और 28 मई को हीटवेव का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन दो दिनों के दौरान सीमांत जिले में दिन के समय अत्यधिक झुलसाने वाली अति उष्ण लहर चलने की पूरी संभावना है, जिससे तापमान में और भी बढ़ोतरी देखी जा सकती है। हालांकि, राहत की बात यह है कि 28 मई के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ निजात मिल सकती है। प्रशासन और चिकित्सा विभाग अलर्ट, एडवायजरी जारी भीषण और जानलेवा गर्मी के इस दौर को देखते हुए जिला प्रशासन और चिकित्सा विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गए हैं। प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए एडवायजरी जारी करते हुए अपील की है। प्रशासन ने एडवायजरी जारी करते हुए कहा- दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना किसी बेहद जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। यदि किसी कारणवश बाहर जाना ही पड़े, तो सिर और कान को सूती कपड़े से अच्छी तरह ढककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और लगातार तरल पदार्थों का सेवन करते रहें।