जोधपुर | इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन 2026 के ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि सुधार की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी। त्रुटि सुधार की प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरतनी होगी, त्रुटि-सुधार का यह प्रथम एवं अंतिम मौका दिया गया है। जेईई-मेन,2026 की ऑफिशियल वेबसाइट पर उपलब्ध 42 फ्रिक्वेंटली आस्कड क्वेश्चंस (एफएक्यू ) भी जारी किए गए हैं। त्रुटि सुधार की प्रक्रिया खत्म होने के बाद जेईई-मेन 2026 के लिए तारीख आवंटन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। एनटीए नई दिल्ली द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि जेईई-मेन 2026 की आवंटित तारीख किसी राष्ट्रीय तथा राज्य स्तरीय परीक्षा से टकराती है तो विद्यार्थी को आवंटित की गई जेईई-मेन की तारीख में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा। ये सुधार नहीं हो सकेंगे एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन में त्रुटि-सुधार की प्रक्रिया आंशिक है। मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस, स्थाई तथा वर्तमान पता, इमरजेंसी कॉन्टैक्ट डीटेल्स और परीक्षार्थी के फोटोग्राफ में सुधार संभव नहीं है। परिवार से एक ही नाम बदलेगा : परीक्षार्थी के नाम, पिता का नाम तथा माता का नाम में से किसी एक में सुधार संभव है। ये सुधार किए जा सकेंगे दसवीं और बारहवीं बोर्ड की मार्कशीट/सर्टिफिकेट, पैन-नंबर, मीडियम आफ एग्जामिनेशन, एग्जामिनेशन सिटी, जन्मतिथि, जेंडर, कैटेगरी, सब-कैटिगरी और सिग्नेचर में ही सुधार संभव है।