नमस्कार बिटिया की शादी में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने वन मंत्री के साथ मिलकर DJ पर जमकर डांस किया। गोविंद सिंह डोटासरा ने BAP नेता को कांग्रेस जॉइन कराई। उनके डुप्लीकेट गमछा घुमाने की प्रैक्टिस करते दिखे। किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी ने हलवाई का मुंह मीठा कराया। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. हट जा ताऊ पाछै ने, नाचण दे जी भर कैने सदन और सदन के बाहर भले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के माननीय एक-दूसरे पर वार-पलटवार करते हों, लेकिन सुख-दुख के मौके पर दिल खोलकर मिलते हैं। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की बिटिया की शादी हुई। समारोह में वन मंत्री संजय शर्मा भी पहुंचे। दोनों नेता अलवर के। दोनों ने मिलकर DJ पर खूब धमाल मचाया। हरयाणवी गाने पर दोनों नेताओं का डांस लाजवाब रहा। गाने के बोल थे- हट जा ताऊ पाछै ने, नाचण दे जी भर कैने। जूली अपनी ही पार्टी के रफीक खान के साथ भी बढ़िया नाचे। शादी समारोह में सभी राजनीतिक दलों के दिग्गज पहुंचे और बिटिया को आशीर्वाद दिया। सीएम भजनलाल ने भी शिरकत की। विवाह समारोह के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रहे हैं। जूली दंपती ने पंजाबी गाने ‘टोटे-टोटे हो गया’ पर भी गजब की परफोर्मेंस दी। 2. डोटासराजी के डुप्लीकेट ने सीखा गमछा घुमाना सोशल मीडिया पर डोटासरा का डुप्लीकेट हिट हो गया है। डीडवाना के लाडनूं से नरेश कुमार सिंधी हूबबू डोटासरा जैसे दिखते हैं। कैटरिंग का काम करते हैं। एक शादी समारोह में हलवा खाते हुए उनका वीडियो शेयर हुआ। वीडियो वायरल हो गया। उनका हर अंदाज पीसीसी चीफ से मिलता-जुलता। अब फेस को भुनाने की तरकीबें शुरू हो गई हैं। उनके साथियों ने उन्हें डोटसरा जी जैसा लुक दे दिया है। हाथ में गमछा पकड़ा दिया है। जिसे नरेश कुमार जी घुमाने की खूब प्रैक्टिस कर रहे हैं। इस बीच डोटासरा जी ने अलग ही खेल कर दिया है। शादियों के सीजन में BAP (भारत आदिवासी पार्टी) में सेंधमारी कर दी। बीएपी नेता मणिलाल गरासिया को कांग्रेस जॉइन करा दी। गरासिया के कई समर्थक भी कांग्रेस में आ गए। रंधावाजी ने माला-पटका पहनाया। डोटासरा की फेस वैल्यू है। उनके हमशक्ल भी खूब नाम कमा रहे हैं। 3. विधायकजी ने खिलाई हलवाई को मिठाई अजमेर के किशनगढ़ से कांग्रेस विधायक विकास चौधरी फूले नहीं समा रहे हैं। छोटे भाई मनोज की शादी हो गई। शादी के बाद महोदय ने एक कार्टून शेयर किया है, जिसमें शादी समारोह को ‘शक्ति समारोह’ कहा गया है। कार्टून में विकास चौधरी भुजाओं के डोले दिखाते नजर आ रहे हैं। शादी समारोह में जिस तरह से दिग्गजों ने मौजूदगी दर्ज कराई, उससे यह बात सही भी साबित होती है कि उन्होंने शक्ति प्रदर्शन तो किया है। दावा ये भी किया जा रहा है कि इस विवाह समारोह में एक लाख से ज्यादा घरातियों-बारातियों ने भोजन किया। असली शक्ति प्रदर्शन को हलवाई का रहा। विधायक ने हलवाई महाराज को मिठाई खिलाकर, गले लगाकर इस प्रदर्शन के लिए सम्मान भी दिया। 4. चलते-चलते… बताइए, भीलवाड़ा शहर में पहली ही बारिश में डामर वाली सड़क बह गई। रोड पर कंकरीट का साम्राज्य बिखर गया। चलने वालों की हालत खराब। दुपहिया वाले गाड़ी घुमाएं तो फिसलकर गिर पड़ें। लोगों ने प्रशासन को याद दिलाया लेकिन 2 साल तक टूटी सड़क की तरफ ध्यान ही नहीं दिया। ऐसे में व्यापारियों को एक तरकीब सूझी। उन्होंने बड़ा केक मंगवाया। केक पर लिखवाया – टूटी सड़क। इस केक को टूटी सड़क पर एक कनस्तर पर रखा। सारे व्यापारी केक के चारों तरफ जमा हो गए। फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी होने लगी। केक पर फुलझड़ी जलाई गई। केट काटा गया। फिर टूटी सड़क के साथ शेयर भी किया गया। ये अलग बात है कि ‘हैप्पी बर्थडे टू टूटी सड़क’ गाने के बजाय व्यापारी ‘हाय-हाय’ गाने लगे। इनपुट सहयोग- मयूर गांधी (डीडवाना), भरत मूलचंदानी (अजमेर), मनीष जैन (भीलवाड़ा)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..