मोहाली के जीरकपुर पुलिस ने शादी का झूठा वादा करके शारीरिक संबंध बनाने, धोखे में रखने और अश्लील वीडियो के नाम पर ब्लैकमेल करने के आरोप में बेंगलुरु निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर युवती से नजदीकियां बढ़ाई थीं, जबकि बाद में उसके पहले से शादीशुदा और बच्चों का पिता होने का खुलासा हुआ। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की हुई पहचान जीरकपुर पुलिस द्वारा नामजद किए गए आरोपी की पहचान मोहम्मद एकदास जावेद पासा (पुत्र जावेद पासा), निवासी शंकर नगर, बेंगलुरु (कर्नाटक) के रूप में हुई है। दुबई में हुई थी मुलाकात, पत्नी के कॉल से खुला राज पुलिस को दिए बयानों में 25 वर्षीय पीड़ित युवती ने बताया कि साल 2023 में वह काम के सिलसिले में दुबई गई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी मोहम्मद एकदास से हुई। आरोपी ने खुद को कुंवारा बताकर उसे प्रेम जाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जनवरी 2024 में भारत लौटने के बाद भी आरोपी उससे मिलने आता रहा। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट भी की। इसी बीच एक दिन आरोपी के मोबाइल पर उसकी पत्नी का फोन आने से युवती को सच्चाई का पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। सच सामने आते ही पीड़िता ने उससे सभी रिश्ते तोड़ लिए। निजी वीडियो के जरिए किया ब्लैकमेल पीड़िता के अनुसार, अगस्त 2026 में जब वह दोबारा काम के सिलसिले में दुबई गई, तो आरोपी ने फिर से उसका पीछा शुरू कर दिया। आरोपी ने उसके निजी वीडियो उसके माता-पिता को भेजने की धमकी दी। ब्लैकमेलिंग और बदनामी के डर से युवती दोबारा उसके दबाव में आ गई। जीरकपुर के फ्लैट में जबरन बनाए संबंध आरोप है कि बीते 16 सितंबर को आरोपी जबरन जीरकपुर सि्थत उसके फ्लैट पर पहुंचा और उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इस घटना से परेशान होकर युवती ने अपने वकील के जरिए जीरकपुर पुलिस से संपर्क किया और आपबीती बताई। मामले की पुष्टि करते हुए जीरकपुर पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
