प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी दरों में कमी करने के फैसले के बाद पूरे देश के उपभोक्ताओं को राहत है। अमृतसर के मजीठ मंडी क्षेत्र में, जिसे ड्राई फ्रूट और किराना व्यापार का गढ़ माना जाता है, में व्यापारी खुश दिखे। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तरुण चुग ने अमृतसर में व्यापारियों से मुलाकात की। तरुण चुग ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती आम आदमी के लिए बड़ा तोहफा है। रोटी, कपड़ा और मकान जैसी रोजमर्रा की जरूरतों पर जीएसटी की दरें अब शून्य या अधिकतम 5 प्रतिशत रह गई हैं। इसका सीधा फायदा हर घर की रसोई और आम जनता की जेब को मिलेगा। चुग ने कहा कि यह निर्णय भारत के घरेलू उपभोक्ताओं को राहत देने वाला है और अब परिवारों में खुशहाली बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि आज होटल में चैंबर और व्यापारियों के साथ विशेष बैठक हुई, जिसमें प्रधानमंत्री के इस कदम की सर्वसम्मति से सराहना की गई। तरुण चुग का विपक्ष पर निशाना विपक्ष पर निशाना साधते हुए तरुण चुग ने कहा कि जब भी देश में विकास और खुशहाली का माहौल बनता है, कांग्रेस और राहुल गांधी राजनीति शुरू कर देते हैं। कांग्रेस का “नागिन डांस” अब नहीं चलने वाला। प्रवक्ता चुग ने इस फैसले को “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने वाला मील का पत्थर बताया और कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग तक इस खुशी को पहुंचाने के लिए निरंतर काम करेगी।