जालंधर वेस्ट से भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार संभाला। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उनको कुर्सी पर बिठाकर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। एससी मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव संजय निर्मल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, एससी मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष एसआर लद्धड़ और राष्ट्रीय सचिव संतोष सिंह गुमटाला, स्टेट मीडिया हेड भाजपा पंजाब विनीत जोशी सहित एससी मोर्चे के पदाधिकारी, जिला स्तरीय नेता और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। केवल सिंह ढिल्लों ने शीतल अंगुराल को बधाई देते हुए कहा कि वह मेहनती, सक्रिय और जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि शीतल अंगुराल के नेतृत्व में एस.सी. मोर्चा पंजाब के हर कोने में भाजपा के संगठन को और मजबूत करने के लिए प्रभावी ढंग से काम करेगा। देश में एससी समुदाय का बहुत महत्वपूर्ण योगदान
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब और देश की प्रगति में एससी समुदाय का बहुत महत्वपूर्ण योगदान है और इस समुदाय की भूमिका के बिना देश के सर्वांगीण विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा श्री गुरु रविदास जी और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की शिक्षाओं से प्रेरणा लेती रही है।उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी के ‘बेगमपुरा’ के संकल्प, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार मिले, तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के समानता और सामाजिक न्याय के संदेश को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सामाजिक समरसता के लिए लगातार काम कर रही है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब को हर क्षेत्र में पीछे धकेला
केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को देशभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत गुरु साहिब के जन्मस्थान की पवित्र मिट्टी की कलश यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि एस.सी. मोर्चे को ऐसे सामाजिक और सेवा कार्यों में अधिक से अधिक भूमिका निभानी चाहिए। पंजाब के मौजूदा हालात को लेकर पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को हर क्षेत्र में पीछे धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में नशे, कानून-व्यवस्था और गैंगस्टरवाद की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है तथा युवाओं, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और शिक्षकों सहित समाज का हर वर्ग सरकार के प्रदर्शन से निराश है। लोग अब बदलाव की उम्मीद भाजपा से लगाए बैठे हैं
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग अब बदलाव की उम्मीद भाजपा से लगाए बैठे हैं। इसलिए पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को एक ओर पंजाब सरकार की जनविरोधी नीतियों और विफलताओं को जनता के सामने उजागर करना होगा, जबकि दूसरी ओर केंद्र की भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में लोगों को जागरूक करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से आयोजित होने वाले हर कार्यक्रम में एस.सी. मोर्चे की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जानी चाहिए। शीतल बोले-गई जिम्मेदारी ईमानदारी के साथ निभाएंगे
इस अवसर पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल ने पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि वह पार्टी द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पार्टी के कार्यक्रमों और नीतियों को जमीनी स्तर तक ले जाने के लिए एस.सी. मोर्चा पूरी ताकत के साथ काम करेगा और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।