जालंधर के नॉर्थ हलके में लॉटरी दुकान पर हुई लूट मामले में पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड लिया गया है। लूट और शहर में चल रहे लाटरी के धंधे को लेकर भाजपा नेता शीतल अंगुराल ने CCTV फुटेज जारी की थी। इसमें दावा किया गया था कि जालंधर पुलिस लाटरी स्टॉल बंद करवाने में नाकाम रही है। करणजीत, कर्ण सिंह और शुभम ने लूटा था लॉटरी स्टाल
ACP नॉर्थ संजय कुमार ने बताया कि थाना-8 की पुलिस ने श्री देवी तालाब मंदिर के पीछे शाह सिकंदर रोड स्थित लॉटरी की दुकान में हुई लूट के मामले में कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करणजीत सिंह उर्फ नन्ना, कर्ण सिंह (दोनों निवासी कोट बाबा दीप सिंह नगर) और शुभम नारंग उर्फ लंडन (निवासी बशीरपुरा) के रूप में हुई है। गुज्जापीर में घूम रहे थे आरोपी
ACP नॉर्थ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि 3 संदिग्ध गुज्जापीर में लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश कर दो दिन का रिमांड हासिल किया गया है।
लुधियाना के गुरदीप सिंह का था लॉटरी स्टॉल
जांच के दौरान आरोपियों ने लॉटरी की दुकान में हुई लूट की वारदात कबूल कर ली है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी करणजीत पहले से ही 2 अन्य मामलों में पुलिस को वांछित था। पुलिस के अनुसार, जिस गैरकानूनी लॉटरी शॉप में लूट हुई थी, वह लुधियाना के गुरदीप सिंह की है।
