जालंधर में आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता लक्की ओबराय पर गुरुद्वारे के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। वे आज (6 फरवरी) सुबह 7:15 बजे मॉडल टाउन के गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। इसके बाद जैसे वे गुरुद्वारे से बाहर निकलकर थार गाड़ी में बैठने लगे, तो इसी दौरान एक्टिवा पर आए दो युवकों में से एक ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। इस दौरान हमलावरों ने उन पर 4 गोलियां चलाईं। जिससे उनकी थार के शीशे टूट कर चकनाचूर हो गए। वहीं 3 गोलियां लक्की ओबराय को लगीं। इसके बाद परिवार के सदस्य उन्हें पहले गंभीर हालत में मॉडल टाउन के प्राइवेट अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया था। लेकिन परिवार को विश्वास नहीं हुआ और वे सिटी के श्रीराम अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है और इलाज चल रहा है। उधर, एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फायरिंग के बाद की 3 PHOTOS… पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया जानकारी के अनुसार, लक्की आज सुबह 7:15 बजे रोजाना की तरह गुरुद्वारा में माथा टेकने के लिए आए हुए थे। इस दौरान गुरुद्वारा के बाहर उन पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। वारदात की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। थार में बैठते ही ताबड़तोड़ फायरिंग की एडीसीपी जयंत परी ने बताया कि AAP नेता लकी ओबेरॉय सुबह 7:15 बजे के करीब गुरुद्वारा से निकले। इसके बाद जैसे ही वह अपनी थार में बैठने लगे तो एक युवक ने आकर गोलियां चला दीं। दो युवक एक्टिवा पर आए थे और वह दोनों भाग गए। पुलिस ने सभी नको पर हमलावरों के बारे में सूचित कर दिया है। इसके साथ ही गुरुद्वारे के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस के जो हाईटेक सीसीटीवी लगे हैं, उनकी फुटेज भी निकले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है….