जालंधर की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने दो नशा तस्करों को काबू किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने एक कार और 721 ग्राम हेरोइन बरामद की है। ये कार्रवाई सिटी के गढ़ा रोड पर की गई। आरोपियों की पहचान रविंदर सिंह उर्फ रॉकी और सुखविंदर सिंह के तौर पर हुई है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापा मारकर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रविंदर सिंह उर्फ रॉकी निवासी गढ़ा रोड जालंधर और सुखविंदर सिंह निवासी मकसूदां का रहने वाला है। दोनों के खिलाफ थाना भरत नगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत मामला दर्ज किया है। कई सालों से कर रहे थे हेरोइन की सप्लाई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई कि वे लंबे समय से नशे की तस्करी में लिप्त थे और आसपास के इलाकों में हेरोइन की सप्लाई करते थे। पुलिस ने आरोपियों से एक कार (PB-09-AP-8584) भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल नशा तस्करी के लिए किया जा रहा था।
DSP बोले-दोनों के क्रिमिनल रिकॉर्ड की कर रहे जांच
DSP हरमीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों के क्रिमिनल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इनके तार राज्य के बाहर के नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नशा माफिया को बड़ा झटका लगा है।