जालंधर शहर में एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घायल युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां परिजनों ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए। युवक की मां सुखविंदर कौर ने कहा कि उनके बेटे को बिना किसी वजह के बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित युवक की मां ने बताया कि उनका बेटा शाम करीब 8 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उन्होंने कई बार बेटे और उसके दोस्त शिवम को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। करीब एक घंटे बाद उन्हें सूचना मिली कि उनका बेटा घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। हमलावरों की पहचान अब तक नहीं मां सुखविंदर कौर ने बताया कि हमलावरों के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमला करने वालों में से एक व्यक्ति किसी काउंसलर से जुड़ा बताया जा रहा है, लेकिन नाम की पुष्टि नहीं हो सकी। उनका कहना है कि उनका बेटा किसी से दुश्मनी नहीं रखता था और न ही किसी विवाद में शामिल था, फिर भी उसे नाजायज तरीके से पीटा गया। दोस्त शिवम पर भी उठे सवाल परिजनों ने युवक के दोस्त शिवम पर भी सवाल उठाए हैं। मां का कहना है कि शिवम परिवार के बेहद करीब था और अक्सर घर आता-जाता था, लेकिन घटना के समय उसने कोई मदद नहीं की। परिवार का आरोप है कि शिवम ने पहले कहा कि वह घायल को अस्पताल लेकर आया, लेकिन बाद में बयान बदलते हुए कहा कि वह उसे जानता तक नहीं। परिजनों ने इंसाफ की मांग की घायल युवक की मां ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा अभी इलाज करवा रहा है और परिवार सदमे में है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए। पुलिस जांच में जुटी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामला संज्ञान में है। युवक के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।