जालंधर देहात पुलिस ने शाम सवा 7 बजे आदमपुर एरिया के गांव हरिपुर में एनकाउंटर किया। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्यारोपी की पहचान मनजीत सिंह उर्फ घोड़ी के रूप में हुई है। पुलिस को जालंधर कैंट एरिया में 2020 में हुए कत्ल केस में ये वांटेट था।
एसएसपी हरविंदर विर्क ने बताया कि दोनों को हिरासत में लेने के बाद पूछताछ शुरू कर ली गई है। पुलिस को इनके कब्जे से पिस्टल मिला है, इसलिए शक है कि इलाके में ये दोनों किसी वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे थे। दूसरे आरोपी की पहचान गग्गी के रूप में हुई है और दोनों ही हार्डकोर क्रिमिनल हैं। दोनों के खिलाफ पहले से 5-5 मामले दर्ज हैं। जानें एनकाउंटर के बाद डीएसपी ने क्या बताया-
घोड़ी 2020 से वांटेट, हत्या समेत कई केस दर्ज
हमें सीक्रेट इन्फॉर्मेशन मिली थी कि ये तलवंडी राईयां वाली साइड से दो लोग मोटरसाइकिल पर आ रहे हैं। इनको रोका गया तो एक ने पुलिस पर फायर किया। पुलिस ने अपना बचाव कर लिया। इस दौरान पुलिस ने गोली चलाई तो एक आरोपी की बाजू में गोली लगी जिससे इनकी बाइक स्लिप हो गई। दोनों को अरेस्ट कर लिया है। दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान गगन उर्फ गग्गी के रूप में हुई है।
मौके से पिस्टल और अन्य सामान मिला
मनजीत को घायल अवस्था में अस्पताल में भेजा गया है। पुलिस ने इससे .32 बोर का पिस्टल बरामद किया है। इनसे मिला मोटरसाइकिल भी चोरी का निकला है। अभी इनके खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। यह देखा जा रहा है कि ये पिस्टल लेकर कहां जा रहे थे और किस वारदात को अंजाम देना था। दोनों के खिलाफ 5-5 पर्चे दर्ज हैं। इनमें मर्डर के केस हैं। एनडीपीएस, छीनाझपटी के मामले दर्ज हैं।