जालंधर के गढ़ा स्थित टंकी मोहल्ला के सेठ रामचंद मेमोरियल स्कूल में एक छात्र की पिटाई का आरोप लगा है। परिवार के लोगों ने आरोप है कि छात्रों के झगड़े के दौरान एक शिक्षिका ने छात्र की बेरहमी से पिटाई की। इस घटना के बाद स्कूल में भारी हंगामा शुरू हो गया, जहां पीड़ित छात्र की मां बेहोश हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पीड़ित छात्र के पिता राकेश कुमार ने बताया कि उनका बेटा राघव सेठ रामचंद मेमोरियल स्कूल में छठी कक्षा का छात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दिन स्कूल में उनके बेटे का स्कूल की शिक्षिका रितु के भतीजे के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद शिक्षिका ने आकर उनके बेटे को पीटना शुरू कर दिया और पीटते हुए उसे घर तक ले गईं। इस घटना की जानकारी उन्हें दूसरी शिक्षिका ने फोन करके दी। घटना के बाद बच्चा डरा हुआ राकेश कुमार के अनुसार, उनका बेटा इस घटना के बाद से डरा हुआ है और स्कूल जाने से कतरा रहा है। उन्होंने बताया कि वे इस मामले को लेकर प्रधानाचार्य से बात करने गए थे। पिता ने आरोप लगाया कि वहां दूसरे छात्र के अभिभावक भी मौजूद थे और शिक्षिका सहित अन्य परिजनों ने उनके साथ स्कूल में विवाद करना शुरू कर दिया। वहीं, एक अन्य छात्रा ने बताया कि घटना के दौरान उनके घर पर कोई मौजूद नहीं था और उनकी दादी अस्पताल में भर्ती थीं। उसने आरोप लगाया कि दूसरे छात्र के परिजन उनके घर आए और उसके भाई को बाहर निकालने को कहा। कुछ देर बाद जब उसका भाई घर आया, तो तीन महिलाएं उसे पीटते हुए ले गईं। छात्रा ने आरोप लगाया कि महिलाओं ने धमकी दी और गली में भी उसके भाई की पिटाई की। जब वह अपने भाई को छुड़ाकर लाने लगी, तो उसे दोबारा धमकी दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही। पीड़ित परिवार ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी है। थाना 7 के एएसआई सुच्चा सिंह ने बताया कि उन्हें शिक्षिका द्वारा छात्र की पिटाई किए जाने की सूचना मिली है और मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
