जालंधर में दिवाली के त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने शहर निवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए पटाखे चलाने के लिए रात 8 बजे से 10 बजे तक का समय निर्धारित किया है। कमिश्नर ने बताया कि शहर में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और कानून व्यवस्था वाला माहौल बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मुख्य इलाकों, बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। पुलिस पेट्रोलिंग तेज, चेक पॉइंट बने पुलिस पेट्रोलिंग तेज की गई है और शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर हाई-टेक नेक व चेक पॉइंट स्थापित किए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर निगरानी रखी जा सके। पुलिस कमिश्नर ने यह भी बताया कि शहर के प्रमुख चौराहों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाए गए हैं। इन सिस्टम के जरिए पटाखे फोड़ने के समय, यातायात नियमों और अन्य सावधानियों को लेकर जनता तक ऐलान किया जा सकेगा। इससे पुलिस एक ही समय पर शहर के विभिन्न इलाकों में लोगों को जागरूक कर सकेगी। बॉडी कैमरे लगाकर रखेंगे पुलिसकर्मी संवेदनशील इलाकों में ड्यूटी करने वाले पुलिस कर्मचारियों को बॉडी कैमरे दिए गए हैं, ताकि उन्हें ड्यूटी करने में कोई दिक्कत न आए और वे किसी भी घटना को रिकॉर्ड कर सकें। इसके अलावा, संवेदनशील इलाकों में खास तौर पर ट्राइपॉड कैमरे भी लगाए गए हैं, जिससे किसी भी अप्रिय गतिविधि पाए जाने पर तुरंत मौके पर बल को भेजा जा सके।