जालंधर के रामा मंडी थाना क्षेत्र में दीपावली की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कैंट निवासी 21 साल के सुमित के रूप में हुई है। यह घटना देर रात करीब सवा 11 बजे की है। सुमित निजी कंपनी में रिकवरी एजेंट के तौर पर काम करता था। रामा मंडी थाने के SHO मनजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें दिवाली की रात गोली चलने से एक युवक की मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया गया। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्द किया
SHO मनजिंदर सिंह ने बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान कर उनकी पुष्टि की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है, इसलिए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रात को ही मामला दर्ज कर लिया गया था। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों के बयान लेने के बाद CCTV फुटेज के आधार पर भी आरोपियों की तलाश कर रही है। बच्चों को पटाखे दिलाने के बाद घर से निकला था
सुमित के पड़ोसी गणेश ने जानकारी दी कि वह रात को बच्चों को पटाखे दिखाते हुए किसी काम से अपनी बाइक पर दीप नगर गया था। उसके कुछ दोस्त उसे वहीं छोड़कर अपनी कार में बिठाकर रामा मंडी ले गए। जहां बीकानेर वाली दुकान के पास देर रात उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना की जानकारी उन्हें पुलिस द्वारा सुबह मिली। गणेश ने बताया कि गोली किसने मारी और हत्या के पीछे पुरानी रंजिश है या नहीं, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं है।