जालंधर के उजाला नगर में सोमवार रात साढ़े 10 बजे के करीब पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने एक घर पर लाठी-डंडों के साथ धावा बोल दिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से घर का गेट, बिजली का मीटर और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। हमले के दौरान परिवार अपनी जान बचाने के लिए पड़ोसियों के घर में छिप गया। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित पारस ने बताया कि उनकी पहले इलाके के रहने वाले वंश से दोस्ती थी। लगभग छह महीने पहले वंश की किसी से लड़ाई हुई थी, जिसमें पारस ने उसका साथ देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद से वंश ने पारस से दूरी बना ली और मन में रंजिश पाल ली। पारस का आरोप-पिछले महीने भी दी थी धमकी
पारस ने आरोप लगाया कि पिछले महीने भी वंश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की थी और धमकी देकर फरार हो गया था। सोमवार दोपहर को पारस के चाचा ने इलाके के एक पार्क में दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया था।
हालांकि, उसी रात वंश अपने साथियों के साथ फिर पारस के घर के बाहर आया और गाली-गलौज करने लगा। उस समय घर में पारस, उसकी छोटी बहन और मां सो रहे थे।
थाना डिवीजन 5 की पुलिस ने बुलाया
जब वे बाहर नहीं निकले, तो वंश और उसके साथियों ने तेजधार हथियारों से घर के गेट पर हमला करना शुरू कर दिया। उन्होंने बिजली का मीटर, मुख्य गेट और खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए। लोगों को इकट्ठा होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिवार ने कंट्रोल रूम पर घटना की शिकायत दी। पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और शिकायत दर्ज कर थाने ले गई। पुलिस ने परिवार को थाना 5 में बुलाया है।