शिरोमणि अकाली दल (सुधार लहर) के नेता गुरप्रताप सिंह वडाला ने सोमवार को जालंधर के डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों को फसल पर बोनस देने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। वडाला ने बताया कि उनकी पार्टी और कार्यकर्ताओं द्वारा पंजाब के सभी जिलों के उपायुक्तों को ऐसे ही मांग पत्र सौंपे गए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि बाढ़ के कारण किसानों की फसलें बड़े पैमाने पर बर्बाद हुई हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है। सरकार को आगे बढ़कर किसानों की मदद करनी चाहिए और इस स्थिति को प्राकृतिक आपदा घोषित कर राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। मुआवजे का जल्द भुगतान करने की मांग उन्होंने कहा कि बाढ़ से पहले ही किसानों की फसलें नष्ट हो चुकी हैं, जिससे वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, आने वाली फसलों में भी कीट लगने की समस्या सामने आ रही है, जिससे किसान चिंतित हैं। वडाला ने सरकार से मांग की कि किसानों को उनकी फसल पर बोनस दिया जाए और मुआवजे का भुगतान भी जल्द से जल्द किया जाए।
