जालंधर के वेस्ट इलाके में स्थित मधुबन कॉलोनी ( में उस समय हड़कंप मच गया, जब भारी पुलिस बल और आबकारी विभाग की टीम ने शराब तस्करी की गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी की। विभाग को सूचना मिली थी कि यहां बड़े स्तर पर अवैध शराब का कारोबार हो रहा है, जिसके बाद टीम ने घर के ताले तोड़कर गहन तलाशी ली। हालांकि, घंटों चली इस सर्च ऑपरेशन के बाद टीम के हाथ कुछ भी संदिग्ध नहीं लगा और विभाग को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। जालंधर के मधुबन कॉलोनी इलाके में आबकारी विभाग और थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने संयुक्त रूप से एक घर पर दबिश दी। अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें पुख्ता जानकारी मिली थी कि राजू नाम के व्यक्ति के ठिकाने पर अवैध शराब का स्टॉक रखा गया है और यहां से तस्करी की जा रही है। घर के कोने-कोने की गई जांच मौके पर पहुंचे एटीओ (ATO) जसप्रीत सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद जब टीम यहां पहुंची, तो घर पर ताला लगा हुआ था। जांच को आगे बढ़ाने के लिए टीम ने ताले तोड़े और घर के कोने-कोने की तलाशी ली। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और स्थानीय लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। कोई भी अवैध शराब या अन्य सामग्री बरामद नहीं हुई तलाशी अभियान के दौरान जब मीडिया ने अधिकारियों से बरामदगी के बारे में पूछा, तो एटीओ ने स्पष्ट किया कि अंदर से फिलहाल कोई भी अवैध शराब या अन्य सामग्री बरामद नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सर्च पूरी होने के बाद दोबारा घर को ताला लगा दिया गया है। वहीं, छापेमारी के दौरान मोहल्ले के एक बुजुर्ग व्यक्ति ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह पिछले 45 सालों से सब्जी मंडी में काम कर रहे हैं और उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने पुलिस द्वारा ताले तोड़ने की प्रक्रिया पर भी नाराजगी जाहिर की। फिलहाल, इस छापेमारी में कुछ न मिलने के कारण टीम वापस लौट गई है, लेकिन इलाके में पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
