अमृतसर | प्रसिद्ध लोक गायक जसकरन सिंह रियाड़ अकाली दल वारिस पंजाब में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने के दौरान सांसद भाई अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और वरिष्ठ नेता चरणदीप सिंह भिंडर ने सरोपा भेंट कर जसकरण सिंह रियाड़ का स्वागत किया। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में उनकी क्षमताओं और सेवाओं को देखते हुए पार्टी में उन्हें कोई अहम जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। पार्टी में शामिल होने के बाद जसकरण सिंह रियाड़ ने कहा कि पंजाब में आई बाढ़ के दौरान अकाली दल वारिस पंजाब द्वारा लगाए गए 21 राहत बेस कैंपों में सेवा करने का अवसर उन्हें मिला था। वहां पार्टी के सेवादारों द्वारा बाढ़ पीड़ितों की पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ की जा रही सेवा से वे अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि इसी सेवा भावना से प्रेरित होकर उन्होंने पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया है और पार्टी में शामिल होकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। भविष्य में पार्टी द्वारा सौंपी जाने वाली हर सेवा और जिम्मेदारी को वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। इस मौके पर बापू तरसेम सिंह और चरणदीप सिंह भिंडर के अलावा शमशेर सिंह पधरी, सुरिंदर सिंह, मनजिंदर सिंह कलेर भी मौजूद थे।