फाजिल्का जिले के जलालाबाद में एक रेस्टोरेंट संचालक को कथित तौर पर थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। ग्राहकों ने कच्ची मछली परोसने का आरोप लगाते हुए यह विवाद किया। घटना रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दीप रेस्टोरेंट के संचालक गुरदीप सिंह ने बताया कि दो ग्राहकों ने, जो खुद को सरपंच बता रहे थे, 250 ग्राम मछली का ऑर्डर दिया था। मछली खाने के बाद जब बिल चुकाने का समय आया, तो उन्होंने शिकायत की कि मछली कच्ची थी। गाली-गलौज की और उन्हें थप्पड़ मारा गुरदीप सिंह के अनुसार, उन्होंने ग्राहकों से कहा कि यदि कोई शिकायत थी तो वे पहले बता सकते थे, ताकि ऑर्डर दोबारा तैयार किया जा सके। संचालक का आरोप है कि इसके बावजूद ग्राहकों ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें थप्पड़ मार दिया। घटना की सूचना मिलने पर व्यापार मंडल, रेस्टोरेंट यूनियन और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। सभी संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बाजार बंद करने की चेतावनी दी व्यापार मंडल अध्यक्ष बब्बू डोडा ने कहा कि व्यापार मंडल ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आवश्यक हुआ तो जलालाबाद का बाजार बंद कर दिया जाएगा। रेस्टोरेंट यूनियन अध्यक्ष लाडी धवन ने भी कहा कि व्यापारी मारपीट सहने के लिए नहीं हैं और यदि पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो सभी दुकानों की चाबियां पुलिस को सौंप दी जाएंगी। पुलिस बोली-दुकानदार की गलती नहीं मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी प्रश्नोंतम कुमार ने कहा कि उनके द्वारा सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए है। जिसमें दुकानदार की कोई गलती नहीं। उन्होंने कहा कि किसी को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में सख्त कार्रवाई होगी ।
