जयपुर एयरपोर्ट पर शनिवार को फ्लाइट शेड्यूल पूरी तरह गड़बड़ा गया है। सबसे ज्यादा परेशानी हिसार जाने वाले पैसेंजर्स को झेलनी पड़ी, जब अलायंस एयरलाइंस की फ्लाइट को आखिरी वक्त पर रद्द कर दिया गया। अचानक हुए इस कैंसिलेशन से एयरपोर्ट पर मौजूद पैसेंजर्स परेशान नजर आए। दरअसल, अलायंस एयरलाइंस की फ्लाइट 9I – 859 को जयपुर से सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर रवाना होना था और दोपहर 12 बजकर 10 मिनट हिसार पहुंचना तय था। हालांकि, उड़ान से ठीक पहले एयरलाइन कंपनी ने ऑपरेशनल कारणों का हवाला देते हुए फ्लाइट को रद्द कर दिया। इसका सीधा असर उन पैसेंजर्स पर पड़ा, जिन्होंने पहले से यात्रा की पूरी तैयारी कर रखी थी। कई पैसेंजर्स जरूरी कामों और निजी कार्यक्रमों के चलते हिसार जा रहे थे, जिन्हें अचानक अपनी योजना बदलनी पड़ी। फ्लाइट कैंसिल और देरी से उड़ान भरने से पैसेंजर्स हुए परेशान
एयरलाइन की ओर से पैसेंजर्स को ऑप्शनल फ्लाइट और रिफंड की सुविधा देने की बात कही गई, लेकिन आखिरी समय में फ्लाइट कैंसिल होने से पैसेंजर्स की परेशानी कम नहीं हो सकी। कुछ पैसेंजर्स ने बताया कि उन्हें न तो समय पर स्पष्ट जानकारी मिली और न ही संतोषजनक विकल्प उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। इसी बीच जयपुर एयरपोर्ट पर अन्य कई फ्लाइट्स भी देरी से संचालित हुई, जिससे पैसेंजर्स की दिक्कतें और बढ़ गई। इंडिगो की हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट 6E – 471 अपने निर्धारित समय शाम 5 बजकर 20 मिनट के बजाय शाम 6 बजकर 10 मिनट पर रवाना होगी। वहीं, इंडिगो की कोलकाता की फ्लाइट 6E – 784 भी देरी से चलेगी और शाम 6 बजकर 35 मिनट की जगह रात 8 बजकर 15 मिनट पर उड़ान भरेगी। इसके अलावा इंडिगो की मुंबई जाने वाली फ्लाइट 6E – 5324 भी तय समय शाम 7 बजकर 5 मिनट के बजाय रात 8 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी। अहमदाबाद जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6E – 7276 भी लेट रही और शाम 7 बजकर 25 मिनट की जगह रात 8 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरने का समय तय किया गया है। लगातार हो रही फ्लाइट कैंसिलेशन और देरी से पैसेंजर्स में नाराजगी देखी गई। पैसेंजर्स का कहना है कि जयपुर एयरपोर्ट पर आए दिन फ्लाइट शेड्यूल बिगड़ने से उनका आगे का प्लान प्रभावित हो रहा हैं। उन्होंने एयरलाइन कंपनियों और एयरपोर्ट प्रशासन से बेहतर प्रबंधन और समय पर जानकारी देने की मांग की है, ताकि आखिरी वक्त पर पैसेंजर्स को परेशानियों का सामना न करना पड़े।
