जयपुर में 6 साल की बच्ची से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पिता के परिचित ने घर छोड़ने के दौरान मासूम से गंदी हरकत की। बच्ची से गलत हरकत का पता चलने पर लोगों ने कार से बाहर निकालकर पीटा। सोडाला थाने में बच्ची के पिता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। मामले की जांच SHO (सोडाला) बलवीर सिंह कर रहे है। पुलिस ने बताया- सोडाला के रहने वाले व्यक्ति की शिकायत पर पोक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। कुछ समय पहले आरोपी से उनकी बातचीत हुई थी। जिसके बाद परिचित होने पर काम के सिलसिले में बात होने लगी। सोमवार शाम करीब 5 बजे आरोपी ने उसे मिलने के लिए बुलाया। मिलने जाने के दौरान उनकी 6 साल की बच्ची भी साथ थी। आरोप है कि आरोपी परिचित ने गाड़ी में घर छोड़ने के बहाने पिता-बेटी को बैठा लिया। रास्ते में बच्ची के नमकीन की कहने पर पिता कार से उतरकर दुकान पर चला गया। इस दौरान आरोपी परिचित ने कार के अंदर बैठी मासूम के साथ छेड़छाड़ की। वापस लौटने पर बच्ची ने रोते हुए पिता को अंकल की गलत हरकत के बारे में बताया। गुस्साए पिता ने आरोपी को पकड़ कार से बाहर निकाला। स्थानीय लोगों को बच्ची के साथ गलत हरकत का पता चलने पर आरोपी के साथ मारपीट की। सोडाला थाना पुलिस सूचना पर पहुंच आरोपी को थाने ले गई। पुलिस ने नाबालिग पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।