राजधानी जयपुर के दिल्ली रोड स्थित मनबाग चौराहे पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आमेर की ओर से आ रही यात्रियों से भरी एक बस सड़क पर बने गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के समय बस में 30 से अधिक यात्री सवार थे। बस पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल भिजवाया। जयसिंहपुरा खोर थानाधिकारी रघुवीर सिंह ने बताया- प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सड़क पर बने गहरे गड्ढे के कारण बस अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया है। फिलहाल हादसे में घायल हुए यात्रियों की सही संख्या और उनकी स्थिति को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
