जयपुर में दशहरा पर तीन बड़े आयोजन होंगे। आतिशबाजी के साथ रावण दहन होगा। इसमें जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में 121 फीट के पुतले का दहन होगा। आदर्श नगर के दशहरा मैदान में गुरुवार शाम 7:30 बजे 105 फीट के रावण का दहन होगा। वहीं, मानसरोवर में 70 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। आदर्श नगर के दशहरा मैदान में कार्यक्रम के आयोजक तुलसी संगठानी ने बताया- इस साल रावण का विशालकाय पुतला 105 फीट का है। कुंभकरण का पुतला 90 फीट का तैयार किया गया है। रावण दहन से पहले कार्यक्रम में शानदार आतिशबाजी का आयोजन होगा। इसमें नियाग्रा फाल जैसा दृश्य, रंगीन झरने, हवाई मछलियां और धूमकेतु जैसी रोशनी शामिल होगी। तुलसी संगठानी ने बताया- जैसे ही भगवान राम की रावण के पुतले की नाभि में अग्नि बाण छोड़ेंगे, रावण दहन की शुरुआत होगी। उसकी आंखों और मुंह से आग के गोले फूटेंगे। रावण की तलवार और ढाल से सुनहरी चिंगारियां उभरेंगी। सिर पर घूमते अग्नि चक्र के साथ पूरा दृश्य बेहद रोमांचक लगेगा। 1956 से लगातार किया जा रहा आयोजन श्री राम मंदिर प्रन्यास और श्री सनातन धर्म सभा की ओर से आयोजित इस दशहरा महोत्सव का आयोजन 1956 से लगातार किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महात्मा गांधी अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एम. एल. स्वर्णकार करेंगे, जबकि मुख्य अतिथि सांसद मंजू शर्मा होंगी। अन्य विशिष्ट अतिथि और विशेष आमंत्रित में सौम्या गुर्जर, कुसुम यादव, कालीचरण सराफ, रफीक खान, अशोक परनामी, सरदार अजय पाल सिंह और रवि नैय्यर शामिल होंगे। क्षेत्रीय पार्षद स्वाति परनामी, रितु मोतियानी और नीरज अग्रवाल भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। दिन में निकलेगी शोभायात्रा आदर्श नगर के दशहरा मैदान में दहन से पहले दोपहर 3:00 बजे राम मंदिर से शोभायात्रा शुरू होगी, जिसमें भगवान राम और लक्ष्मण के स्वरूप विराजमान होंगे। शोभायात्रा पंचवटी सर्किल, राजा पार्क चौराहा, ध्रुव मार्ग, लक्ष्मी नारायण मंदिर, कृष्ण प्रणामी मंदिर, कृष्ण मंदिर, स्वामी नंदराम मंदिर, स्वामी गंगा दास मंदिर और बर्फ खाना, मामा की होटल, पुलिया नंबर 1 होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। रास्ते में व्यापार मंडल द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा। मानसरोवर में 70 फीट के पुतले का दहन होगा मानसरोवर के वीटी रोड ग्राउंड पर 70 फीट के रावण का दहन किया जाएगा। यहां इससे पहले यहां मेले में लाइव बैण्ड आशीष वाली, पंजाबी सिंगर साहिब कोहली, लीड परफॉर्मर पीहू जैन, वीर रस कवि विनीत चोहान और बिग बॉस फेम एक्टर-सिंगर अली कुली मिर्जा के साथ स्थानीय कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस दौरान अमरनाथ जी महाराज के सानिध्य में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी होगा। कार्यक्रम आयोजक मनोज पांडे ने बताया- रावण दहन रात 10.30 बजे होगा। इससे पहले लाइव बैंड परफॉर्मेंस होंगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर सीएम भजनलाल शर्मा, गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ शामिल होंगे। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ-साथ खाने-पीने के स्टॉल, झूलों की सवारी, लोक कलाकारों और फिल्मी कलाकारों की प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी। रावण दहन के बाद श्री राम मंदिर में भगवान राम का राजतिलक भी आयोजित होगा। विद्याधर नगर में शाम 8.15 बजे दहन होगा विद्याधर नगर स्टेडियम में जयपुर का सबसे बड़ा रावण तैयार किया गया है। यहां 121 फीट के रावण का दहन शाम 8.15 पर होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी शामिल होंगी। 6 एडीसीपी ,27 एसीपी और 500 हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल तैनात रहेंगे जयपुर के एडि. कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर,रामेश्वर सिंह ने बताया- दशहरे को लेकर जयपुर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए है। त्योहारी मौके पर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों से मिले अलर्ट के चलते पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। दशहरे के मौके पर शहर में अल सुबह से होने वाले आरएसएस के कार्यक्रमों से लेकर देर रात तक रावण दहन कार्यक्रमों में पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेगी। उन्होंने बताया- दशहरे को लेकर शहर में 16 एडीसीपी ,27 एसीपी और संबंधित थाना अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा जिलों में करीब 500 हेड कॉन्स्टेबल और कॉन्स्टेबल ,आरएसी की 4 कंपनियां और 150 होमगार्ड्स की तैनाती की गई है । असामाजिक या आपराधिक तत्वों पर निगरानी के लिए सादा वस्त्रों में भी पुलिसकर्मी तैनात किए गए है। शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों और अभय कमांड सेंटर के जरिए भी पुलिस अधिकारी हर गतिविधि पर नजर रखेंगे। सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अपने-अपने इलाकों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे । इस दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता भी तैनात रहेगा । कोटा में होगा सबसे बड़े रावण का दहन कोटा का 132वां राष्ट्रीय दशहरा मेला 2025 इतिहास रचने के लिए तैयार है। इस बार मेले में रावण दहन का नजारा पूरे देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बनने वाला है। करीब चार महीने में कारीगरों ने विश्व का सबसे ऊंचा (221 फीट) रावण तैयार किया है। 29 सितंबर को दशहरा मैदान ग्राउंड में क्रेन की मदद से इस विशालकाय पुतले को खड़ा किया गया। दोपहर करीब 3 बजे से इसके प्रयास शुरू हो गए थे। पूरी तरह पुतले को खड़ा करने में रात के 8 बज गए थे। इसे बनाने में 44 लाख रुपए की लागत आई है। (पूरी खबर पढ़ें)
