राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने के साथ ही मौसम में बड़ा बदलाव हो गया है। जयपुर में शुक्रवार सुबह आंधी और बिजली चमकने के साथ मूसलाधार बरसात हुई। शहर के इलाकों में सुबह करीब 6.30 बजे तेज बरसात शुरू हुई। वहीं, मौसम विभाग में ने आज 14 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कल से घने कोहरे और शीतलहर की भी चेतावनी है। गुरुवार को सरहदी जिले (जैसलमेर, बीकानेर, बाड़मेर, गंगानगर, जोधपुर) समेत उनके आसपास के कई जिलों में गुरुवार दोपहर बाद हल्की बारिश हुई। वहीं, नागौर, जोधपुर, चूरू, फलोदी, बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर के अलावा जयपुर के कुछ हिस्सों में देर रात बादल छाए। बादल छाने के बाद रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। तेज सर्दी से राहत रही। गुरुवार को अधिकांश शहरों का न्यूनतम तापमान डबल डिजिट यानी 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। जयपुर में मावठ, हवा सर्द, तापमान में गिरावट जयपुर में सीजन की पहली मावठ के साथ मौसम बदला गया है। सुबह 5 बजे आंधी के साथ रुक-रुककर शुरू हुआ बूंदाबादी का दौर 6.30 बजे तेज बरसात में बदल गया। बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ हुई बरसात से तापमान में भी गिरावट हुई है। हवा ठंडी होने से एक बार फिर सर्दी लौटती महसूस हो रही है। शहर के मालवीय नगर, जगतपुरा, टोंक रोड के कई एरिया में सुबह आंधी-बारिश का सबसे अधिक असर रहा। वहीं, गुरुवार को भी 5 से ज्यादा जिलों में हल्की बरसात हुई। इस नए सिस्टम का असर 24 जनवरी को खत्म होगा और प्रदेश में घना कोहरा पड़ेगा। इस दिन जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, नागौर, जयपुर, अलवर, दौसा, धौलपुर, करौली, भरतपुर और सवाई माधोपुर जिलों में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है।