अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस पर वन मंत्री संजय शर्मा ने वन विभाग के कर्मचारियों के लिए 460 नई मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाई। ये बाइकें उन वन कर्मियों को आवंटित की गई हैं जो वनों में गश्त करने का कार्य करते हैं। वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा- इससे दूरदराज के वन क्षेत्रों में निगरानी करना आसान हो जाएगा, जिससे अवैध कटाई और शिकार जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा। इसके अतिरिक्त, वन्यजीव बचाव कार्यों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आपातकालीन बचाव वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई गई। अंतरराष्ट्रीय वन दिवस के मौके पर जयपुर में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर राज्य सरकार ने वन सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। पुस्तक का भी विमोचन किया गया वन मंत्री संजय शर्मा ने बताया- वन विभाग ने हाल ही में 1926 हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। इसके साथ ही वन संरक्षण और वन्यजीव सुरक्षा के लिए नई एसओपी तैयार की जा रही है। इसके लिए अन्य राज्यों की एसओपी का अध्ययन किया जा रहा है, ताकि बेहतर व्यवस्था लागू की जा सके। उन्होंने कहा कि टाइगर रिजर्व क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के विस्थापन के लिए नया पैकेज तैयार किया जा रहा है। बजट में इसकी घोषणा भी की गई है और सरकार जल्द ही इस प्रक्रिया को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। साथ ही वन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी जारी है। बाघों की संख्या बढ़कर 52 हुई वन मंत्री ने बताया कि सरिस्का टाइगर रिजर्व में हाल ही में तीन शावकों के जन्म के बाद बाघों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि इस साल के अंत तक यह संख्या 60 तक पहुंच सकती है, जो वन्यजीव संरक्षण के लिए सकारात्मक संकेत है। कार्यक्रम में CRESEP परियोजना के तहत महिला आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए एमओयू किया गया। इसके अलावा वन मित्रों को पेट्रोलिंग किट वितरित की गई और पर्यावरण स्वीकृति से जुड़ी प्रक्रियाओं को डिजिटल बनाने के लिए SEIAA वेबसाइट लॉन्च की गई। कार्यक्रम में वन मंत्री संजय शर्मा, एसीएस आनंद कुमार समेत वन विभाग के सीनियर अधिकारी मौजूद रहे।
