राजस्थान में निकाय चुनाव में पूर्व मेयर भी टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। जयपुर में कार्यवाहक मेयर रहे मनोज भारद्वाज ने फिर से भाजपा से टिकट मांगा है। वही केकड़ी के पूर्व चेयरमैन अनिल मित्तल ने मंगलवार को बीजेपी छोड़कर कांग्रेस जॉइन कर ली। राजसमंद के नाथद्वारा में लालबाग हाईवे पर अंडरपास ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर वार्ड 39 और 40 के लोगों ने निकाय चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। सीकर के फतेहपुर नगर परिषद के वार्डों के चुनाव की तारीख बदली। अब यहां 11 सितंबर की जगह 9 सितंबर को ही होगा मतदान। जोधपुर में भाजपा से टिकट मांगने वाले नेताओं के इंटरव्यू लिए जा रहे हैं। इसमें एक कॉमेडियन भी इंटरव्यू देने पहुंचा। पहले जानिए- भाजपा विधायक ने किसको बताया था मिनी पाकिस्तान उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा- शहर जाने के दो रास्ते हैं, एक खांजीपीर होकर और दूसरा रेलवे स्टेशन होकर जाता है। खांजीपीर मिनी पाकिस्तान बन गया था और वहां अपराधी शरण लेते थे। उन्होंने कहा- अब वहां डीएसपी का दफ्तर शुरू हुआ है। उन्होंने आयड़ इलाके का भी जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी पहले ऐसे ही हालात थे, लेकिन अब स्थिति सुधर रही है। विधायक उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। अंडरपास की डिमांड, मतदान बहिष्कार का ऐलान राजसमंद के नाथद्वारा में लालबाग हाईवे पर अंडरपास निर्माण की मांग को लेकर वार्ड 39 और 40 के लोगों ने निकाय चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की है। लालबाग संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित बैठक में वार्डवासियों ने ब्रिज निर्माण कार्य शुरू नहीं होने तक बहिष्कार का सर्वसम्मति से निर्णय लिया। समिति पदाधिकारियों ने बताया- लालबाग चौराहा व्यस्त जगह है। जहां से आसपास के कई गांवों के लोग आते-जाते हैं। भीड़-भाड़ के चलते दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। केकड़ी में भाजपा को लगा झटका… अजमेर जिले में केकड़ी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष अनिल मित्तल ने मंगलवार को भाजपा छोड़कर कांग्रेस जॉइन कर ली है। पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने उन्हें कांग्रेस का दुपट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया। अनिल मित्तल लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे थे। अपने इस्तीफे में अनिल मित्तल ने 36 साल तक पार्टी में सक्रिय रहने और विभिन्न पदों पर कार्य करने का उल्लेख किया। वे साल 2015 से 2020 तक केकड़ी नगरपालिका के अध्यक्ष रहे थे। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- मैं पार्षद का चुनाव नहीं लडूंगा प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा- नगर निगम चुनाव पार्टी के जांबाज कार्यकर्ता लड़ेंगे। जो कार्यकर्ता चुनाव जीतकर नगर निगम पहुंचेंगे, उन्हीं में से मेयर का चुनाव किया जाएगा। उन्होंने कहा- मैं अपने पूरे राजनीतिक जीवन में अब केवल विधायक या सांसद का चुनाव लड़ूंगा। इसके अलावा किसी दूसरे चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनूंगा। खाचरियावास ने कहा- निकाय चुनाव में कांग्रेस टिकट वितरण के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगी। जिस वार्ड में पार्टी का कार्यकर्ता रहता है, उसे उसी वार्ड से टिकट दिया जाएगा। चुनाव को लेकर बड़े अपडेट्स… अजमेर में बीजेपी का पैनल फाइनल: अजमेर नगर निगम चुनाव के लिए बीजेपी ने अब तक मिले आवेदनों में वार्ड वार तीन-तीन दावेदारों का पैनल तैयार कर लिया है। वहीं कांग्रेस दावेदारों के आवेदनों की स्क्रूटनी कर रही है। आज देर रात तक पैनल फाइनल कर देगी। अजमेर में 80 पार्षद पदों के लिए बीजेपी और कांग्रेस में एक-एक हजार से ज्यादा आवेदन मिले हैं। कोटा में निगम का नो ड्यूट सर्टिफिकेट देना होगा: कोटा में जिन लोगों पर नगर निगम का कोई भी टैक्स बकाया है, वे चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदार को निगम का नो ड्यूज सर्टिफिकेट देना होगा। कोटा में कांग्रेस के लिए वार्ड नंबर 84 से सिर्फ एक ही कार्यकर्ता ने चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। … यह खबर भी पढ़ें… निकाय चुनाव को लेकर पुलिस की एडवाइजरी जारी:अलवर में टिकट चाहने वालों का शक्ति प्रदर्शन, जयपुर में बड़े नेताओं के घर पहुंचे दावेदार … पल-पल के अपडेट के लिए ब्लॉग पढ़िए…
