जयपुर में आवक ज्यादा होने के बावजूद हरी सब्जियों के दामों में तेजी बनी हुई है। रिटेल बाजार में मटर के दाम 240 से 260 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। मुहाना मंडी में इन दिनों पालक, मूली, गाजर, मटर, गोभी, टमाटर, बथुआ, मेथी, हरा प्याज, धनिया, हरी मिर्च, शिमला मिर्च, लौकी, आलू और प्याज जैसी सब्जियों की बड़ी मात्रा में आवक हो रही है। मंडी व्यापारियों ने कहा- इस बार मौसम में हल्की बारिश और शादी सीजन शुरू होने से सब्जियों की मांग अचानक बढ़ गई है। किसान अच्छी क्वालिटी की फसल मंडी में ला रहे हैं। इससे थोक में आवक तो अधिक है, लेकिन बाजार में दामों में स्थिरता नहीं आ रही। नए आलू और प्याज की आवक बाजार में नए आलू भी आना शुरू हो गए हैं। ये आलू उत्तर प्रदेश से जयपुर पहुंच रहे हैं। मुहाना मंडी में नए आलू थोक में 32 से 35 रुपए किलो बिक रहे हैं, जबकि पुराने लाल आलू 25 से 26 रुपए किलो तक मिल रहे हैं। लाल प्याज की आवक भी बढ़ रही है। यह थोक में 15 से 16 रुपए किलो तक बिक रहा है। मटर की रेट में कई गुना बढ़ोतरी इस समय बाजार में मटर की डिमांड सबसे ज्यादा है। हिमाचल प्रदेश (शिमला), पंजाब और मध्यप्रदेश (रतलाम) से मटर आ रहा है। हिमाचल से आने वाले मटर की क्वालिटी बेहतर है, जिनकी एक फली में 8 से 10 दाने होते हैं, इसलिए इसकी मांग बढ़ी है। वहीं पंजाब और एमपी से आने वाले मटर में बारिश की वजह से क्वालिटी कमजोर है, कई फलियों में एक-दो दाने ही निकल रहे हैं। पालक और गोभी के दाम में भी तेजी हरी सब्जियों में पालक और गोभी के भाव भी इस बार सामान्य से काफी ऊपर हैं। पालक मंडी में थोक पर 50 से 60 रुपए किलो बिक रहा है, जबकि सामान्य दिनों में यह 20 से 25 रुपए किलो रहता है। बारिश और ठंड में शुरुआती आवक कम होने के कारण पालक की सप्लाई घट गई है। गोभी की आवक 100 से 150 टन रोजाना मुहाना मंडी में हो रही है, फिर भी इसके दामों में तेजी बनी हुई है। गोभी थोक में 20 से 25 रुपए किलो बिक रही है, जबकि रिटेल बाजार में यही गोभी 60 से 80 रुपए किलो तक पहुंच गई है। लौकी और गाजर की कीमतें भी बढ़ीं लौकी के दाम भी इस बार दोगुने हो गए हैं। आमतौर पर 10 से 15 रुपए किलो बिकने वाली लौकी अब थोक में 30 से 35 रुपए किलो और रिटेल में 50 से 60 रुपए किलो बिक रही है। गाजर की आवक जयपुर के आसपास के इलाकों व कोटपूतली से हो रही है। आवक बढ़ने के बावजूद शादी सीजन की मांग के चलते गाजर 20 से 25 रुपए किलो थोक और 40 से 50 रुपए किलो रिटेल में बिक रही है। टमाटर के भाव स्थिर मंडी में टमाटर की डेली आवक 15 गाड़ियों के आसपास हो रही है, यानी करीब 100 से 150 टन प्रतिदिन। आवक बढ़ने से थोक में टमाटर 20 से 22 रुपए किलो बिक रहा है, हालांकि रिटेल में इसके दाम 50 से 60 रुपए किलो हैं। शादी सीजन से डिमांड में उछाल मंडी व्यापारियों का कहना है कि शादियों की शुरुआत के साथ सब्जियों की मांग तेजी से बढ़ी है। तैयारियों में बड़ी मात्रा में मटर, गोभी, आलू और टमाटर की खपत हो रही है। किसानों को इस समय अपने उत्पाद के अच्छे दाम मिल रहे हैं। मुहाना मंडी के मटर कारोबारी देवेंद्र जैन ने बताया- रोजाना करीब 30 से 40 टन मटर की आवक हो रही है। पंजाब का मटर 80 से 90 रुपए किलो, रतलाम का 70 से 80 रुपए किलो, शिमला का मटर 140 से 150 थोक में बिक रहा है, जबकि रिटेल बाजार में इसी मटर के दाम 240 से 260 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं। तीन लेयर के कारण मंडी से बाजार तक दाम बढ़े जयपुर फल व सब्जी थोक विक्रेता संघ, मुहाना मंडी के अध्यक्ष योगेश तंवर ने बताया कि मंडी में सब्जियों की आवक पर्याप्त है, लेकिन उपभोक्ताओं को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा। इसका मुख्य कारण तीन स्तरीय खरीद प्रक्रिया है। किसान मंडी में आढ़तियों को माल बेचते हैं, आढ़ती से मासाखोर (जो 5 किलो या अधिक में खरीदते हैं) सब्जी लेते हैं, और फिर रिटेलर व ठेले वाले उसे बाजार में बेचते हैं। अपने क्षेत्र से जुड़ी समस्या को दैनिक भास्कर एप के सिविक इश्यू में पोस्ट करने के लिए क्लिक करें। ये भी पढ़ें… बांग्लादेश-नेपाल के कारण अलवर के किसानों को 500-करोड़ का नुकसान:लाल-प्याज को बचाने के लिए एक भी गोदाम नहीं, बोले-आत्महत्या को मजबूर बांग्लादेश और नेपाल में तख्तापलट होने के बाद से अलवर के किसानों को 500 करोड़ का नुकसान हो गया है। पिछले साल जिस प्याज ने 700 करोड़ का कारोबार किया था, वो इस साल घटकर 200 करोड़ का रह गया है। (पूरी खबर पढ़ें)
