जयपुर। सांगानेर–बगरू क्षेत्र की 87 कॉलोनियों को लेकर कार्रवाई की आशंका के बीच रविवार को हजारों लोग सड़क पर उतर आए। कॉलोनीवासियों ने शांति मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से राहत देने की मांग की। इस दौरान हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ और यज्ञ-हवन भी किया गया। सुबह श्याेपुर चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग हाथों में तख्ती लेकर पहुंचे। इन त​​ख्तियों पर लिखा था कि अवैध कहना बंद करो, नियमन का प्रबंध करो।दरअसल, फरवरी में राजस्थान हाईकोर्ट ने राजस्थान आवासन मंडल को तीन सप्ताह में जमीन खाली कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे।प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि उच्च न्यायालय इन कॉलोनियों को अवैध मान रहा है, जिससे लोगों में अपने घरों पर बुलडोजर चलने का डर पैदा हो गया है। लोगों का दावा है कि अदालत के सामने वास्तविक स्थिति पूरी तरह नहीं रखी गई।