जयपुर में घर से मंदिर के लिए निकले एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। कारोबारी सुबह घर से फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान 3 लग्जरी गाड़ियों में आए बदमाशों ने उसे घेर लिया और गोली चला दी। गोली फॉर्च्यूनर गाड़ी के बोनट से टकराकर फ्रंट शीशे में जाकर लगी और कारोबारी बच गया। फायरिंग के दौरान कारोबारी ने भी बदमाशों की गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके अलावा पैदल भाग रहे एक बदमाश के पीछे अपनी गाड़ी दौड़ा दी। हालांकि आरोपी गाड़ी में बैठकर भाग निकले। घटना बिंदायका थाना इलाके में हाथोज फाटक के पास सुबह करीब 11.30 बजे हुई। पहले देखिए घटनाक्रम से जुड़ी 7 तस्वीरें… बदमाशों ने कारोबारी की गाड़ी को घेरा, फायरिंग की
जानकारी के अनुसार, सिरसी गांव के रहने वाले प्रॉपर्टी कारोबारी कमल मीणा उर्फ कमल सिरसी (38) पर फायरिंग हुई है। कमल मीणा शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे हाथोज फाटक के पास स्थित मकान से फॉर्च्यूनर गाड़ी लेकर काले हनुमान मंदिर के लिए निकले थे। हाथोज फाटक स्थित एक प्राइवेट स्कूल के पास थार, स्कॉर्पियो और स्विफ्ट कार में आए 10-12 बदमाशों ने कारोबारी की फॉर्च्युनर गाड़ी को घेर लिया। थार जीप में बैठे एक बदमाश ने कमल मीणा पर फायरिंग की। गोली फॉर्च्युनर के बोनट से टकराकर फ्रंट शीशे में जाकर लगी। कारोबारी ने बदमाशों की स्कॉर्पियो को टक्कर मारी
फायरिंग के बदमाश तेजी से अपनी गाड़ियां भगा ले गए। इस दौरान कारोबारी ने अपनी गाड़ी से बदमाशों की स्कॉर्पियो को टक्कर मारी। साथ ही एक बदमाश के पीछे गाड़ी दौड़ा दी, जिसने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाश मौके से भाग निकले। फायरिंग की सूचना पर करधनी-बिंदायका थाना पुलिस और डीएसटी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी करवाई गई, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आए। पुलिस ने वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और उसके आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी है। प्रथम दृष्टया जांच में फायरिंग का कारण पुरानी रंजिश माना जा रहा है। CCTV फुटेज के आधार पर हमलावरों की तलाश
करधनी थाने के SHO सवाई सिंह का कहना है कि पीड़ित कारोबारी की शिकायत ले ली गई है। सीसीटीवी फुटेज में नजर आई गाड़ियों के नंबरों के आधार पर हमलावरों की तलाश की जा रही है।
