जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के कंट्रोल रूम में आज एक फोन आने से हडकंप मच गया। फोन करने वाले ने बताया कि भांकरोटा स्थित माय ओवन स्कूल में बम लगा हुआ है, जो कभी-भी फट सकता है। कंट्रोल रूम को मिली सूचना के बाद कंट्रोल रूम ने सीनियर अधिकारी और डीसीपी वैस्ट को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर भांकरोटा थाना पुलिस को मौके पर भेज कर स्कूल खाली कराया। लेकिन आज छुट्टी होने के कारण कुछ लोग ही स्कूल में थे। स्कूल को खाली करा किया सर्च डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि कंट्रोल रूम को किसी ने फोन कर बताया कि स्कूल में बम है, जिसके बाद बम निरोधक दस्ता, एटीएस, डॉग स्क्वायर्ड की टीम को मौके पर भेजा गया। स्कूल में छुट्टी होने कारण स्कूल पहले से ही खाली था। कुछ कर्मचारी स्कूल में थे जिन्हें बाहर निकालकर स्कूल में सर्च कराया गया। अभी तक स्कूल में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। वहीं एक टीम फोन करने वाले आरोपी के नंबर के आधार पर उसकी जांच करने में लगी हुई है। पहले भी मिल चुकी कई बार धमकी जयपुर पुलिस धमकी भरे फोन और मेल को पिछले कुछ महीने से सबसे ज्यादा परेशान है। लेकिन पुलिस इन फोन और मेल करने वालों तक अभी भी नहीं पहुंच सकी। यही कारण है कि शरारती तत्व बार-बार इस तरह का अपराध करके पुलिस का समय खराब कर रहे हैं।