जयपुर में सोमवार को कांग्रेस की रैली के दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस में धक्का-मुक्की हो गई। इसमें एक महिला कार्यकर्ता घायल होकर बेहोश हो गई। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। दरअसल, कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता ‘हिसाब मांगो रैली’ के तहत नेहरू पैलेस, टोंक रोड से नगर निगम मुख्यालय के लिए निकले थे। नगर निगम पहुंचने से पहले ही पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोक दिया। कांग्रेसी जयपुर नगर निगम की कार्यशैली, बदहाल सफाई व्यवस्था, जलभराव, जाम सीवर लाइनें, टूटी सड़कों और बंद रोड लाइटों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। पहले देखिए, रैली से जुड़ी PHOTOS… खाचरियावास बोले- गोली का जवाब गोली से देंगे प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास बैरिकेड पर चढ़ गए। भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा- मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में भी सड़कें नहीं बनी हैं। बारिश के बाद हालात खराब हैं। इससे पूरे जयपुर शहर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। खाचरियावास ने कहा- यदि शहर की सफाई व्यवस्था और बरसाती पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस का आंदोलन और तेज किया जाएगा। पुलिस कितनी भी लगा लो, बैरिकेड लगा लो, लेकिन जनता की आवाज नहीं दबा सकते। जनता के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा- गोली का जवाब गोली से देंगे, लाठी का जवाब लाठी से देंगे। प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
