राजस्थान हाईकोर्ट, जयपुर और इसके आसपास के 17 जिलों के अधिवक्ताओं और लॉ स्टूडेंट्स के लिए एक राहत भरी खबर है। अब उन्हें रजिस्ट्रेशन, रिन्युअल सहित बार काउंसिल से जुड़ी अन्य सुविधाओं का फायदा लेने के लिए जोधपुर नहीं जाना पड़ेगा। बार काउंसिल ऑफ राजस्थान (बीसीआर) शुक्रवार से हाईकोर्ट, जयपुर बेंच परिसर में अपना एक्सटेंशन काउंटर शुरू करने जा रही है। इसका उद्घाटन शाम 6 बजे हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा और बीसीआई के चेयरमैन मनन मिश्रा करेंगे। बीसीआर चेयरमैन भुवनेश शर्मा ने बताया- एक्सटेंशन काउंटर शुरू होने के बाद जयपुर और इसके आसपास के जिलों के करीब 70 हजार अधिवक्ताओं को जोधपुर मुख्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी। जयपुर बेंच की स्थापना के 48 साल बाद मिल रही सुविधा
जयपुर में राजस्थान हाईकोर्ट की बेंच की स्थापना 30 जनवरी 1977 को हुई थी। इसके बाद से बड़ी संख्या में वकील हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। जयपुर सहित इसके आसपास के जिलों की अधीनस्थ अदालतों में भी वकील रजिस्टर्ड हैं। इन सभी अधिवक्ताओं को अब तक बार काउंसिल से जुड़ी सुविधाओं और योजनाओं का फायदा लेने, उनके लिए आवेदन करने, रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण करवाने के लिए जोधपुर जाना पड़ता था। वहीं लॉ ग्रेजुएट छात्रों को भी रजिस्ट्रेशन के लिए डॉक्यूमेंट्स जोधपुर मुख्यालय स्थित बीसीआर के ऑफिस में ही जमा कराने होते थे। लेकिन अब जयपुर बेंच की स्थापना के 48 साल बाद अधिवक्ताओं को पंजीकरण, नवीनीकरण, कल्याणकारी योजनाओं, सेवानिवृत्ति फायदा तथा समिति बैठकों से जुड़ी सभी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।