जयपुर में सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने विशेष पैदल गश्त की। आईजी रैंक से लेकर थानाधिकारी स्तर तक के अधिकारियों ने यह गश्त की। इसका उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना था। जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने भी इस दौरान पैदल गश्त की। उन्होंने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। यह गश्त डीजीपी राजीव शर्मा के विशेष निर्देशों पर आयोजित की गई। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी किए थे। इसमें शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक पैदल गश्त करने को कहा गया था। इससे पहले राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रदेशभर में शाम 6 से 9 बजे तक वरिष्ठ अधिकारियों सहित सभी पुलिस कर्मियों की अनिवार्य पैदल गश्त के आदेश जारी किए गए। गश्त की फोटो-वीडियो मुख्यालय के आधिकारिक वॉट्सऐप ग्रुप में तुरंत भेजनी होगी, जिसकी मॉनिटरिंग खुद डीजीपी राजीव शर्मा करेंगे। आदेश जारी होते ही जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा सहित पूरे प्रदेश में पुलिस आयुक्त, रेंज आईजी और जिला एसपी सड़कों पर उतर आए। जयपुर में पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने चारदीवारी क्षेत्र में टीम के साथ पैदल मार्च कर आमजन से बातचीत की। अधिकारियों का मानना है कि वरिष्ठ अफसरों की मौजूदगी से अपराधियों में डर और जनता में सुरक्षा व विश्वास बढ़ेगा, साथ ही पुलिस में टीमवर्क और मोटिवेशन भी मजबूत होगा।
