जयपुर के तारानगर स्थित सेंट्रल एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल द्वारा सत्र 2025–26 का वार्षिक समारोह ‘उड़ान’ बिरला ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। इस समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों के सपनों को पंख देना, उनकी प्रतिभा को पहचान कर आत्मविश्वास, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। समारोह के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनमोहक नृत्य, प्रेरक नाट्य और देशभक्ति प्रस्तुतियां दर्शकों को काफी पसंद आई। विद्यार्थियों की सशक्त प्रस्तुति और आत्मविश्वास से भरे अभिनय ने पूरे ऑडिटोरियम को तालियों की गूंज से भर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार (महानगर प्रचारक, जयपुर – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ) रहे। वहीं, गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में हनुमान मीणा (डीसीपी वेस्ट, राजस्थान पुलिस, जयपुर) और डॉ. नीरज के पवन (सेक्रेटरी, यूथ अफेयर्स एंड स्पोर्ट्स एवं अध्यक्ष, डिपार्टमेंट ऑफ राजस्थान गवर्नमेंट, जयपुर) की उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। ऐसे आयोजन से बच्चों की विकास होता इस अवसर पर स्कूल की डायरेक्टर डॉ. विजयलक्ष्मी मिश्रा ने कहा- ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों में नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो उन्हें जीवन में सफल और संस्कारवान नागरिक बनने की दिशा में अग्रसर करता है। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, वहीं “उड़ान” कार्यक्रम ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित अतिथियों के मन में एक प्रेरणादायी स्मृति छोड़ दी।
