जयपुर में पदस्थापित परिवहन विभाग के इंस्पेक्टर दिनेश सिंह को ‘नेशनल रोड सेफ्टी एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता, दुर्घटना नियंत्रण और प्रभावी पहल के लिए यह सम्मान मिला, जिससे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ मोटर व्हीकल्स डिपार्टमेंट टेक्निकल ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से 10 अप्रैल 2026 को बेंगलुरु के होटल रमाडा में ‘एक्सीलेंस अवार्ड-2026’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान देशभर से परिवहन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम में कर्नाटक सरकार के परिवहन मंत्री रामालिंगा रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ विशेष अतिथि के रूप में विधायक एस.आर. विश्वनाथ, परिवहन विभाग के सचिव डॉ. एन.वी.प्रसाद, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के कमिश्नर योगेश ए.एम., महाराष्ट्र के परिवहन आयुक्त राजेश जे. नावेकर तथा उत्तर प्रदेश की परिवहन आयुक्त किंजल सिंह भी मौजूद रहे। प्रादेशिक परिवहन कार्यालय जयपुर-द्वितीय, विद्याधर नगर में कार्यरत हैं दिनेश सिंह इंस्पेक्टर दिनेश सिंह, जो वर्तमान में प्रादेशिक परिवहन कार्यालय जयपुर-द्वितीय, विद्याधर नगर में कार्यरत हैं, को सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान, दुर्घटनाओं में कमी लाने के प्रयास और प्रभावी कार्यशैली के लिए इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का जताया आभार कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष अशफाक अहमद, महासचिव जी. सम्पथ कुमार और कोषाध्यक्ष सचिन बोधाले ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह सम्मान न केवल दिनेश सिंह के व्यक्तिगत योगदान को दर्शाता है, बल्कि राजस्थान के परिवहन विभाग की कार्यक्षमता को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाता है।