लुधियाना के जगराओं में एक महिला ने जाली दस्तावेज तैयार कर एक पूर्व फौजी की पेंशन और संपत्ति हड़पने का प्रयास किया। मृत फौजी के बेटे की शिकायत पर महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया गया है। महिला प​हले से पुलिसकर्मी की विधवा होने के चलते पेंशन ले रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी लुधियाना जिले के मलौद तहसील के बेर कला निवासी जसविंदर कौर एक पूर्व पुलिसकर्मी की पत्नी थी। पुलिसकर्मी की मृत्यु के बाद उसकी पेंशन प्राप्त कर रही थी। बाद में वह शिकायतकर्ता जसपाल सिंह के पिता, जो एक पूर्व फौजी थे, के साथ बिना विवाह के रहने लगी। इसके बाद उसने जाली दस्तावेज तैयार कराए। संपत्ति कब्जा करने की भी कोशिश थाना सदर के एएसआई जगरूप सिंह ने बताया कि पूर्व फौजी की मृत्यु के बाद जसविंदर कौर ने जाली कागजात तैयार किए और उनकी फौज से मिलने वाली पेंशन अपने नाम पर करवा ली। शिकायतकर्ता सिंह ने आरोप लगाया है कि महिला ने न केवल फर्जी दस्तावेज बनवाए, बल्कि संपत्ति पर भी कब्जा जमाने की कोशिश की। दो आधार और दो पैन कार्ड मिले जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जाली जन्म प्रमाण पत्र, दो आधार, दो पैन, अलग-अलग आवासीय पते दिखाकर अधिकारियों को गुमराह किया। इनसे सरकारी योजनाओं का भी लाभ ले रही थी। डीएसपी जस ज्योत सिंह ने डीए लीगल की राय ली। इसके आधार पर धोखाधड़ी, जालसाजी आदि धाराओं में केस दर्ज किया है।