जगराओं शहर के रानी झांसी चौक के पास स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में चोरों ने देर रात सेंधमारी कर लाखों रुपए के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ गए हैं। चोरों ने वारदात को अंजाम देने के लिए दुकान के पीछे स्थित नशा छुड़वाओ केंद्र की तरफ से दीवार में सेंध लगाई। उन्होंने दीवार में इतना बड़ा छेद कर दिया था कि कोई भी व्यक्ति आसानी से अंदर प्रवेश कर सके। इसके बाद चोर दुकान के अंदर घुसे और वहां रखे कीमती गहनों को चुरा लिया। यह घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह करीब 10 बजे जब दुकान मालिक रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर सामान बिखरा हुआ देखकर उन्हें चोरी का पता चला। बाहर से बंद थी दुकान दुकान बाहर से बंद थी, जिससे पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि चोरी कैसे हुई। बाद में जांच करने पर पता चला कि चोर पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे थे। चोर वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान में रखी सीढ़ी की मदद से उसी छेद के रास्ते बाहर निकल गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। रानी झांसी चौक से लेकर संबंधित दुकान तक सभी दुकानों के कैमरे चेक किए जा रहे हैं ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी ज्वेलर्स की दुकान के पास स्थित अन्य दुकानों से 7 एसी के तांबे के पाइप चोरी होने की घटना सामने आ चुकी है।