लुधियाना के रायकोट राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह घटना वेरका डेयरी के पास हुई। एक अज्ञात वाहन ने युवक की बाइक को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान अमृतपाल सिंह निवासी झोरड़ां गांव के रूप में हुई। वह दो महीने पहले ही दुबई से लौटा था। जानकारी के अनुसार, अमृतपाल सिंह रायकोट की ओर से अपने गांव झोरड़ां लौट रहा था। वेरका डेयरी के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृतपाल सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। अज्ञात वाहन चालक पर केस थाना सिटी रायकोट के जांच अधिकारी एएसआई गुरप्रीत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ। पुलिस ने मृतक के पिता अवतार सिंह के बयान के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतक अमृतपाल सिंह दो महीने पहले ही दुबई से लौटा था और फिलहाल घर पर रह रहा था। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।