जगराओं के गांव कोठे प्रेमसर में कर्ज से परेशान 45 वर्षीय किसान सुखविंदर सिंह ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह हुई। गांव निवासी जसविंदर सिंह ने बताया कि सुखविंदर सिंह पर कृषि संबंधी लगभग 20 लाख रुपए का कर्ज था। उनके पास एक एकड़ से भी कम कृषि भूमि थी और वे खेती के साथ-साथ पशुपालन का कार्य भी करते थे। मंगलवार सुबह सुखविंदर सिंह ने अपने घर में ही कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें जगराओं के एक निजी कल्याणी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। थाने में ऑनलाइन रिपोर्ट भेजने का अनुरोध घटना के बाद मृतक किसान के परिजनों और गांव पंचायत ने पुलिस कार्रवाई के लिए सिविल अस्पताल की एसएमओ से थाने में ऑनलाइन रिपोर्ट भेजने का अनुरोध किया। कुछ समय बाद एसएमओ ने बताया कि रिपोर्ट भेज दी गई है, लेकिन जब परिवार थाने पहुंचा तो उन्हें बताया गया कि रिपोर्ट अभी तक नहीं मिली है। इस पर परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे, जहां एसएमओ ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इससे आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एसएमओ के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ता देख एसएमओ ने बाद में एक कर्मचारी के माध्यम से थाने में रिपोर्ट भिजवाई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।