जगराओं में लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में सिक्योरिटी इंचार्ज के पद पर कार्यरत इंदर सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना जगराओं क्षेत्र के गांव बरमी रोड पर देर शाम उस समय हुई, जब एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के भाई किशन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इंदर सिंह लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में सिक्योरिटी इंचार्ज थे। वह गांव पहीड स्थित मिनी डीएमसी अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी गार्डों को चेक करने गए थे। देर शाम जब वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी गांव छपार से लताला मार्ग पर दियोल पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस किशन सिंह ने बताया कि उसको किसी व्यक्ति ने फोन कर हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अपने भाई को गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा पाया। उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर अपने भाई इंदर सिंह को डीएमसी अस्पताल, लुधियाना पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी छपार इंचार्ज काबल सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस संबंध में थाना जोधा में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।