लुधियाना देहात पुलिस ने अवैध हथियार के साथ घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर की पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह गिरफ्तारी जगराओं के सिधवा बेट एरिया में हुई। आरोपी की पहचान सिधवां बेट के गांव मधेपुर निवासी संदीप सिंह उर्फ सीपा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना सिधवां बेट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। थाना सिधवां बेट के एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। सिधवां बेट नहर पुल के पास उन्हें सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। वह नकोदर रोड स्थित पुल नाला सेम के पास किसी का इंतजार कर रहा था। दो अन्य मामलों में भी रहा संलिप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर की पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संदीप सिंह पहले भी अवैध हथियार रखने सहित दो अन्य मामलों में शामिल रह चुका है। यह उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि करता है। पुलिस फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि अवैध हथियार के स्रोत और इसके पीछे काम कर रहे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि सप्लायर तक पहुंचकर पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।
