जगराओं नगर परिषद ने बकाया संपत्ति कर वसूलने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। परिषद ने पांच व्यावसायिक संपत्तियों से लगभग 10 लाख रुपए का बकाया संपत्ति कर मौके पर ही वसूल किया। यह कार्रवाई स्थानीय निकाय विभाग के निर्देशों की अवहेलना करने वाली संपत्तियों को सील करने के दौरान की गई। निदेशक, स्थानीय निकाय विभाग, पंजाब चंडीगढ़ और अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास), लुधियाना के दिशा-निर्देशों के तहत, नगर परिषद ने पहले इन पांच व्यावसायिक संपत्तियों को नोटिस जारी किए थे। निर्धारित अवधि में टैक्स न चुकाने पर, बुधवार को इन संपत्तियों को सील करने की प्रक्रिया शुरू की गई। जब नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची, तो संबंधित संपत्ति मालिकों ने सीलिंग न करने का अनुरोध किया। उन्होंने तुरंत बकाया कर की राशि जमा कर दी, जिसके बाद कुल 10 लाख रुपए की वसूली हुई और सभी को रसीदें जारी की गईं। इन संपत्तियों से वसूला गया बकाया टैक्स सीलिंग के लिए चिह्नित की गई संपत्तियों में रायकोट रोड पर जसवीर कौर और दलीप सिंह एंड कंपनी (पेट्रोल पंप), जीटी रोड मोगा साइड पर अमनदीप कौर, कच्चा मलक रोड पर कुलदीप सिंह और अनारकली बाजार में जोगिंदर सिंह की संपत्तियां शामिल थीं। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भविष्य में ऐसी कार्रवाई से बचने के लिए समय पर अपना संपत्ति कर जमा कराएं। इस कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिकारी जसकिरन कौर (एटीपी), शिव कुमार (इंस्पेक्टर जे), निर्मलजीत (जेई), सतिंदर पाल सिंह (एसएफओ), अमरपाल सिंह (क्लर्क), तारक (क्लर्क), दविंदर सिंह गरचा, गुरप्रीत सिंह (क्लर्क), सोनू और सतनाम सिंह विक्की उपस्थित रहे।