हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हनुमानगढ़ जंक्शन के वार्ड नंबर 4, नई खुंजा निवासी पंकज (25) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 18.75 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। पुलिस को इलाके में हेरोइन की खेप आने की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके बाद गश्त बढ़ा दी गई। इसी दौरान, एसआई गजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खुंजा में एसटीजी नहर के पटरे पर स्थित वाटर वर्क्स के पास पंकज को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते देखा। नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके पास से 18.75 ग्राम हेरोइन मिली। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पंकज बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ हनुमानगढ़ जंक्शन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मेजर सिंह, कांस्टेबल योगेंद्र कुमार, भीमसेन और चालक कांस्टेबल अजायब सिंह शामिल थे। सुराग जुटाने में एएसआई पुरुषोत्तम और कांस्टेबल चंद्रविजय शेखर की अहम भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी पंकज यह चिट्टा कहां से लाया था और किन लोगों को इसकी सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई बड़ा नशा तस्कर नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
